Bareilly UP : बरेली महाशिवरात्रि पर बरेली पहुंचे पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री बोले जल्द बनेगी नई…

बरेली। इस्तीफा देकर देशभर में सुर्खियों में आए बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट और पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री रविवार को एक बार फिर शहर पहुंचे। उन्होंने कैंट क्षेत्र स्थित परशुराम धाम मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखे सवाल उठाते हुए कई बड़े राजनीतिक संकेत दिए।

20–25 दिन में नई पार्टी का ऐलान, चुनाव आयोग में होगा आवेदन अलंकार अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि वे जल्द ही एक नई राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है और अब एक नए विकल्प की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सलाह लेकर पार्टी का नाम, संविधान और घोषणापत्र तैयार किया जा रहा है। अगले 20 से 25 दिनों के भीतर भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकरण के लिए आवेदन कर दिया जाएगा।

“बीजेपी के पदाधिकारी भी हमारे संपर्क में”

पूर्व अधिकारी ने दावा किया कि बीजेपी अब धीरे-धीरे अपनी पकड़ खो रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी की गई ईमेल आईडी पर जो आवेदन आए हैं, उनमें से बड़ी संख्या बीजेपी से जुड़े लोगों की है।

अग्निहोत्री के मुताबिक, कई मौजूदा पदाधिकारी पार्टी छोड़कर उनके साथ जुड़ने के इच्छुक हैं और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

SC-ST एक्ट को लेकर सरकार पर आरोप अलंकार अग्निहोत्री ने SC-ST एक्ट के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने 2018 के चर्चित सुभाष काशीनाथ महाजन केस का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी से पहले जांच और अग्रिम जमानत जैसे प्रावधानों की बात कही थी।

लेकिन सरकार ने कानून में धारा 18A जोड़कर इसे और सख्त बना दिया, जिससे जनरल और ओबीसी वर्ग की भावनाओं को नजरअंदाज किया गया।

उन्होंने बीजेपी को “छद्म सनातनी” बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी सिर्फ हिंदू-मुस्लिम विभाजन की राजनीति के सहारे चुनाव जीतती रही है।

रुचि तिवारी प्रकरण और अपस्टाइन फाइल्स पर टिप्पणी अग्निहोत्री ने रुचि तिवारी मामले पर दुख जताते हुए कहा कि देश की बेटियों के साथ हो रही घटनाएं चिंताजनक हैं और पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने सरकार पर “बांटो और राज करो” की नीति अपनाने का आरोप लगाया।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित अपस्टाइन फाइल्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों में ऐसे मामलों पर इस्तीफे हो जाते हैं, लेकिन भारत में मीडिया को दबाकर सच्चाई छिपाई जा रही है।

“अगर इस्तीफा नहीं दे सकते तो आवाज तो उठाओ”पूर्व पीसीएस अधिकारी ने अपनी ही बिरादरी के लोगों पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि समाज के शिक्षित और जिम्मेदार वर्ग को चुप नहीं बैठना चाहिए।

उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि अगर अन्याय के खिलाफ कोई मजबूती से खड़ा हो जाए तो हालात बदले जा सकते हैं।

समर्थकों में दिखा उत्साह, राजनीतिक हलचल तेज

अलंकार अग्निहोत्री के बरेली पहुंचने पर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके नए राजनीतिक कदम को लेकर जिले में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अब सभी की निगाहें उनके अगले ऐलान और प्रस्तावित पार्टी की औपचारिक घोषणा पर टिकी हैं।

रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

लक्ष्मी नगर के सुभाष चौक पर अतिक्रमण का दोहराता खेल, वीडियो और तस्वीरों में दिखी जमीनी हकीकत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: