Bareilly UP : फतेहगंज पश्चिमी हाईवे पर राधा-कृष्ण मंदिर कट के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई।
फतेहगंज पश्चिमी। हाईवे पर राधा-कृष्ण मंदिर कट के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गूला निवासी भगवान दास के रूप में हुई है। उसे खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में घायल हुए ब्रज किशोर और अजय पाल उर्फ बंटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया, जहां से उन्हें नवोदय अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना से जुड़ी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बरेली से रोहिताश कुमार
