Bareilly UP : बरेली नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली का बड़ा मामला सामने आया है।
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बरेली नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली का बड़ा मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग में तैनात सफाई नायक देवदास चौहान का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आते ही नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि देवदास चौहान ने एक जरूरतमंद व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर उससे पैसे वसूले।
पीड़ित ने चालाकी दिखाते हुए पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो चुका है और विभाग के लिए बड़ी मुश्किल बन गया है।
जांच के आदेश, जीरो टॉलरेंस की बात
नगर आयुक्त ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि निगम में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निलंबन के साथ ही आरोपी सफाई नायक को स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि जांच में अन्य कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में खुल रहे बड़े नेटवर्क के संकेत
वायरल वीडियो में केवल एक कर्मचारी की भूमिका ही नहीं, बल्कि एक बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क के संकेत भी सामने आ रहे हैं। वीडियो में आरोपी अन्य लोगों के नाम लेते हुए सुनाई दे रहा है। वह बातचीत में यह भी कहता नजर आ रहा है कि पहले भी एक व्यक्ति से पैसे लिए गए, लेकिन काम नहीं हुआ।
साथ ही पीड़ित को भरोसा दिलाया जा रहा है कि डेढ़ महीने के भीतर आवास दिला दिया जाएगा।
इस खुलासे के बाद नगर निगम के अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटकती दिखाई दे रही है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आगे और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
