Bareilly UP : बरेली जिले के हाफिजगंज क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक ऐसा दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
बरेली जिले के हाफिजगंज क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक ऐसा दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। गन्ने से लदा कई टन वजनी ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह लोहे के चिथड़ों में बदल गई, लेकिन चमत्कारिक रूप से उसमें बैठे रिटायर्ड दरोगा नौशाद अली बाल-बाल बच गए।
यह घटना हाफिजगंज कस्बे के बाईपास मार्ग पर शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई। जानकारी के अनुसार बदायूं निवासी और वर्तमान में हाफिजगंज में रह रहे सेवानिवृत्त दरोगा नौशाद अली बरेली से काम निपटाकर घर लौट रहे थे।
तभी पीलीभीत की ओर से आ रहा गन्ने से भरा ट्रक बेकाबू होकर उनकी कार पर जा गिरा।
ट्रक पलटते ही कार दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ऊपर गन्ने का भारी ढेर जमा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि कार में बैठे व्यक्ति का बचना असंभव है।
हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई ने दिखाई मिसाल, हाइड्रा क्रेन से चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच पूर्व ग्राम प्रधान अकील राणा सहित ग्रामीणों ने बिना धर्म देखे इंसानियत के नाते मोर्चा संभाला। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोगों ने मिलकर तुरंत बचाव कार्य शुरू कराया।

कुछ ही देर में हाइड्रा क्रेन बुलाकर ट्रक हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा काटकर नौशाद अली को बाहर निकाला गया। आश्चर्य की बात यह रही कि वह खुद अपने पैरों पर चलकर बाहर आए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी।
बचने के बाद नौशाद अली ने कहा,“आज मौत बिल्कुल सामने थी, लेकिन ऊपर वाले की मेहरबानी और लोगों की मदद से मैं सुरक्षित हूं।”
ओवरलोड वाहनों पर भड़के लोग, सख्त कार्रवाई की मांग इस हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास पर क्षमता से अधिक लदे ट्रक लगातार दौड़ रहे हैं, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
