बरेली। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र की एक बंद फैक्टरी को चोरों ने ऐसा निशाना बनाया कि लाखों की मशीनें तक गायब हो गईं।
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बरेली। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र की एक बंद फैक्टरी को चोरों ने ऐसा निशाना बनाया कि लाखों की मशीनें तक गायब हो गईं। प्लॉट नंबर 59, इंडस्ट्रियल एरिया भोजीपुरा स्थित बरेली वुडेन क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड से मशीनें, उनके पार्ट्स और अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
फैक्टरी संचालक का दावा है कि 10 से 12 लाख रुपये का माल पार हुआ है। हैरानी की बात यह है कि शक की सुई सीधे फैक्टरी की रखवाली कर रहे चौकीदारों पर आकर टिक गई।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा नवाबगंज निवासी अनिल गंगवार, जो कंपनी के निदेशक हैं, के मुताबिक फैक्टरी कोरोना काल से बंद थी। दो अगस्त 2025 को वह यूनिट को दोबारा चालू करने के इरादे से पहुंचे तो अंदर का मंजर देख सन्न रह गए।
कीमती मशीनें और जरूरी उपकरण गायब थे। फैक्टरी के ताले-सुरक्षा में कोई जबरन तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले, जिससे शक और गहरा गया।
चौकीदारों से पूछताछ, पर सब अनजान
फैक्टरी की रात की सुरक्षा में लगे बेचेलाल व सोमपाल और दिन में तैनात अनुज यादव से जब पूछताछ हुई तो सभी ने चोरी से अनभिज्ञता जताई। जबकि फैक्टरी की चाबियां इन्हीं के पास रहती थीं। निदेशक को यहीं से शक होने लगा कि मामला अंदरूनी मिलीभगत का हो सकता है। पास की फैक्टरी में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो 25 मई 2025 का वीडियो सामने आया।
उसमें दिन का चौकीदार अनुज यादव अपने भाई संजीव यादव, सामने वाली फैक्टरी के चौकीदार और एक ऑटो चालक के साथ मिलकर फैक्टरी से सामान बाहर ले जाता दिखा। फुटेज में मशीनों के पार्ट्स और भारी उपकरणों को व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालते हुए देखा गया।
सामने की फैक्टरी बनी ट्रांजिट पॉइंट
बताया गया कि पहले चोरी का माल सामने वाली फैक्टरी में रखा गया, फिर वहां से जुगाड़ गाड़ी (ट्रॉली) के जरिए अन्य स्थान पर भेज दिया गया। पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, जिससे लंबे समय तक किसी को भनक न लगे। निदेशक अनिल गंगवार के अनुसार मशीनों और उपकरणों की कीमत 10 से 12 लाख रुपये के बीच है। उन्होंने 23 फरवरी 2026 को भोजीपुरा थाने में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चौकीदार अनुज यादव, उसके भाई संजीव यादव, अन्य सहयोगियों व अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
बरेली। विकास खंड बिथरी कार्यालय में 25 फरवरी को औचक निरीक्षण किया गया।
