बरेली। भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) अभियान के तहत ‘वतन को जानो’ कार्यक्रम का आयोजन 6 फरवरी से
बरेली। भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) अभियान के तहत ‘वतन को जानो’ कार्यक्रम का आयोजन 6 फरवरी से रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। गृह मंत्रालय एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कश्मीर घाटी के छह जिलों से 132 युवा प्रतिभागी बरेली पहुंचेंगे।
अनंतनाग, पुलवामा, कुपवाड़ा, बारामुला, बडगाम और श्रीनगर से आने वाले ये प्रतिभागी 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के होंगे। यह युवा छह दिनों तक बरेली में रहकर भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के विभिन्न पहलुओं को करीब से जानेंगे। जिला युवा अधिकारी कार्यालय की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
योग, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे विशेष आकर्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन सुबह योग, स्वच्छता अभियान और श्रमदान से होगी, जबकि शाम के समय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
7 फरवरी को हस्तशिल्प, ई-कॉमर्स और ‘विकसित भारत @2047’ जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र लिए जाएंगे। इन सत्रों में डॉ. बीनू सिंह, डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. छवि शर्मा प्रमुख वक्ता होंगे।
कश्मीरी उत्पादों की प्रदर्शनी और फूड फेस्टिवल का आयोजन 9 फरवरी को शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इस दिन कश्मीर घाटी के उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ-साथ कश्मीरी व्यंजनों का ‘फूड फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोग भी शामिल हो सकेंगे।
शैक्षणिक व औद्योगिक संस्थानों का करेंगे भ्रमण
8 और 10 फरवरी को कश्मीरी दल जिले के प्रमुख शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों का दौरा करेगा।
प्रतिभागी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण करेंगे और खेल गतिविधियों में भी भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कश्मीर के युवाओं को देश की विविधता, संविधान, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करना है।
कौशल विकास और उद्यमिता पर रहेगा विशेष फोकस युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, ई-कॉमर्स और करियर काउंसलिंग से जुड़े सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। नवनीत कुमार शुक्ला और डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल जैसे वक्ता प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम का समापन 11 फरवरी को समारोह के साथ होगा, जिसमें प्रतिभागी अपने अनुभव और यादें साझा करेंगे। आयोजन के लिए साउथ सिटी स्थित कार्यालय को मुख्य केंद्र बनाया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई आयोजन की जानकारी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में माय भारत की उप निदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि कश्मीरी प्रतिभागी शुक्रवार 6 फरवरी को बरेली पहुंचेंगे और इसके बाद विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिखर रस्तोगी
(जिला युवा अधिकारी), प्रो. राकेश कुमार मौर्य, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पाण्डेय, डॉ. छवि शर्मा, अजय राज शर्मा तथा भूपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी व समन्वयक मौजूद रहे।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
