बरेली। जनपद बरेली में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
बरेली। जनपद बरेली में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रेमनगर क्षेत्र निवासी एवं उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त नरेश सिंह ने दबंगों पर खुलेआम गुंडागर्दी, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
नरेश सिंह के अनुसार, उन्होंने 27 जनवरी को अपने और अपनी पुत्री के साथ हुई अभद्रता, जातिसूचक गालियों और धमकी के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था।
इसके बाद उन्हें सीबीगंज थाने से संपर्क करने को कहा गया। पीड़ित का दावा है कि थाना स्तर पर उन्हें केवल आश्वासन देकर टाल दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू कराया, तभी दबंग किस्म के लोगों ने वहां पहुंचकर मजदूरों को भगा दिया और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की। आरोप है कि हमलावरों ने खुलेआम गुंडई दिखाते हुए काम रुकवा दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
नरेश सिंह का कहना है कि घटना के बाद वह दोबारा थाने पहुंचे, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा, पुलिस की निष्क्रियता से दबंगों के हौसले और बढ़ गए।
मामला सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह की घटना ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पीड़ित ने SSP अनुराग आर्य से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है या फिर यह प्रकरण भी फाइलों में दबकर रह जाएगा
बरेली से रोहिताश कुमार
