बरेली। वैलेंटाइन डे के मौके पर शहर के पार्कों और रेस्टोरेंट में इस बार प्रेम का माहौल नहीं, बल्कि पुलिस का सख्त पहरा देखने को मिला।

बरेली। वैलेंटाइन डे के मौके पर शहर के पार्कों और रेस्टोरेंट में इस बार प्रेम का माहौल नहीं, बल्कि पुलिस का सख्त पहरा देखने को मिला। पिछले महीने राजेंद्रनगर के एक कैफे में छात्रा के साथ मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने पहले से ही मोर्चा संभाल लिया। साफ संदेश दे दिया गया है कि न तो हुड़दंग बर्दाश्त होगा और न ही किसी कपल को बेवजह परेशान करने की इजाजत मिलेगी।

गांधी उद्यान और फुलबाग पार्क समेत शहर के अन्य पार्कों में पुलिस टीमों की तैनाती की गई। खुद कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने गांधी उद्यान पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पार्कों में आने वाले युवक-युवतियों के आईडी और आधार कार्ड तक चेक किए गए। पुलिस ने म्यूजिक फाउंटेन और भूल-भुलैया क्षेत्र में भी सघन चेकिंग की। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगाए गए।

बजरंग दल समेत संगठनों की गतिविधियों पर नजर

एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। बजरंग दल समेत अन्य संगठनों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई है।

एसएसपी का कहना है कि वैलेंटाइन डे के नाम पर अगर कोई भी युवक-युवती से अभद्रता करता है या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। 28 दिसंबर को राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में अपना जन्मदिन मना रही छात्रा और उसके दोस्तों के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। यह घटना काफी चर्चित रही, इसी के बाद से पुलिस ने त्योहारी और विशेष मौकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्णय लिया।

अश्लीलता न फैलाने की चेतावनी

पुलिस ने पार्कों में आने वाले युवाओं से अपील की है कि सार्वजनिक स्थल की मर्यादा बनाए रखें। अश्लीलता या अनुचित व्यवहार पाए जाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी तरह की बदतमीजी या हुड़दंग की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में पूरे दिन पुलिस की गाड़ियों की गश्त जारी रही और पार्कों के बाहर भी सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त रखा गया। वैलेंटाइन डे पर इस बार बरेली में पुलिस की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि कानून से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।

रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

Bihar News- मलमास मेला-2026 की तैयारियों पर सीएम सख्त- गंगाजी राजगृह जलाशय व राजगीर का किया निरीक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: