बरेली। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजार क्षेत्र में स्थित नामचीन मिठाई प्रतिष्ठान दीपक स्वीट्स पर शुक्रवार को हड़कंप मच गया
बरेली। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजार क्षेत्र में स्थित नामचीन मिठाई प्रतिष्ठान दीपक स्वीट्स पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने अचानक निरीक्षण और छापेमारी की।
कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास स्थित प्रतिष्ठान में एफएसडीए की टीम सुबह पहुंची और वहां मौजूद खाद्य पदार्थों की गहन जांच की।
कार्रवाई की सूचना फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान में बिक्री के लिए रखी विभिन्न मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों, स्पेशल बीकानेरी समोसा, देसी घी से तैयार बताए जा रहे खाद्य पदार्थों सहित अन्य सामग्री के कई सैंपल लिए। सभी सैंपलों को नियमानुसार सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई एक उपभोक्ता द्वारा की गई लिखित शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें कुछ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों को लेकर सवाल उठाए गए थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिना पूर्व सूचना के जांच की गई।
एफएसडीए अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सैंपल जांच की प्रक्रिया जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
यदि प्रयोगशाला रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो नियमानुसार जुर्माना, लाइसेंस संबंधी कार्रवाई अथवा कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
शहर के बीचों-बीच स्थित एक प्रतिष्ठित मिठाई दुकान पर हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल देखी गई है। वहीं, आम नागरिकों ने खाद्य सुरक्षा को लेकर की जा रही जांच का स्वागत करते हुए नियमित निरीक्षण की मांग की है।
बरेली से रोहिताश कुमार
