Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली में कानून-व्यवस्था को सख्त करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।

उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.

उत्तर प्रदेश के बरेली में कानून-व्यवस्था को सख्त करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की कोर्ट ने फरवरी माह के भीतर 23 दिनों में आठ कुख्यात अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। इस सख्त कदम के बाद जिले में अपराधियों के बीच डर का माहौल बन गया है।

प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई में कई चर्चित नाम शामिल हैं, जिनमें प्रयागराज के चर्चित माफिया रहे पूर्व विधायक अतीक अहमद के भाई अशरफ से जुड़े गुर्गे भी शामिल हैं।

लल्ला गद्दी पर कसा शिकंजा

कार्रवाई के तहत बारादरी थाना क्षेत्र के चक महमूद निवासी लल्ला गद्दी उर्फ मोहम्मद रजा पर भी गुंडा एक्ट लगाया गया है। लल्ला गद्दी को हाल ही में जिला माफिया घोषित किया गया था।

जांच में सामने आया था कि लल्ला गद्दी और उसका करीबी सद्दाम (अशरफ का साला) ने प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड से पहले शूटरों की मुलाकात जेल में बंद अशरफ से कराने में अहम भूमिका निभाई थी।

इतना ही नहीं, लल्ला गद्दी पर यह भी आरोप है कि वह जेल में बंद अशरफ तक खाने-पीने का सामान, खासकर चिकन बिरयानी, पहुंचाने का काम करता था। उमेश पाल हत्याकांड की जांच के दौरान इन गतिविधियों का खुलासा हुआ था, जिसके बाद जेल प्रशासन पर भी कार्रवाई की गई थी।

जमीन निवेश और गैंग कनेक्शन

जांच एजेंसियों के अनुसार, लल्ला गद्दी की दोस्ती अशरफ के साले सद्दाम से हो गई थी और उसने उसके पैसे बरेली की जमीनों में निवेश कराए थे। इस मामले में पुलिस ने लल्ला गद्दी सहित कई आरोपियों को जेल भेजा था। हालांकि, इनमें से अधिकांश आरोपी अब जमानत पर बाहर आ चुके हैं।

सौरभ राठौर समेत अन्य पर भी कार्रवाई

डीएम कोर्ट की इस कार्रवाई में शहर के जोगी नवादा निवासी सौरभ राठौर और उसके भाई टिंकू राठौर का नाम भी शामिल है। इन दोनों पर महिला अधिवक्ता रीना सिंह के पति पर गोली चलाने का आरोप है।

सौरभ राठौर का नाम एक भाजपा नेता के करीबी के रूप में भी सामने आता रहा है, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में रहा। प्रशासन ने दोनों भाइयों पर भी गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

अन्य आरोपियों पर भी कड़ा कदम

इसके अलावा विकास राठौर, इमरान, परवेज मलिक, जुनैद और विशाल जैसे अपराधियों को भी इस कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। इन सभी के खिलाफ पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम कोर्ट ने कार्रवाई की।

अपराधियों में बढ़ा खौफ

लगातार हो रही इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल देखने को मिल रहा है। प्रशासन का साफ संदेश है कि जिले में अपराध और अपराधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

बरेली। फागुन के उल्लास भरे माहौल में शहर का व्यापारी समाज एकजुटता और सम्मान का संदेश देने जा रहा है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: