भक्ति और उल्लास में डूबा बरेली, ISKCON की भव्य श्रीकृष्ण–बलराम शोभायात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु

बरेली। इस्कॉन (ISKCON) बरेली के तत्वावधान में श्री श्री राधा वृन्दावनचन्द्र जी मंदिर द्वारा रविवार को श्री श्री कृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा शहर भक्ति और उल्लास में डूब गया।

शोभायात्रा की शुरुआत आनंद आश्रम से हुई, जो गांधी उद्यान, प्रभा टॉकीज, चौकी चौराहा, पटेल चौक, कोतवाली, कुतुबखाना, कुल्हाड़ापीर, धर्मकांटा और डीडीपुरम होते हुए झूलेलाल द्वार पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया।

भगवान श्रीकृष्ण और बलराम जी के भव्य रूप से सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-झूमते नजर आए और “हरे कृष्ण-हरे राम” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

इस्कॉन पदाधिकारियों ने बताया कि शास्त्रों में रथ यात्रा को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। भगवान के रथ के दर्शन, उसे खींचने अथवा हरिनाम संकीर्तन से व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। कलियुग में संकीर्तन यज्ञ को भक्ति का सर्वोत्तम माध्यम माना गया है, जिससे भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

इस पावन अवसर पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, पूर्व डिप्टी मेयर अतुल कपूर सहित व्यापारी वर्ग, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर, 
बरेली,

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )

घने कोहरे के बीच बरेली में CTET परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 24 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: