बरेली: बदहाली पर रो रहा गांधी पार्क
गांधी की स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाले पार्क में गंदगी का अंबार, पार्षद ने दी आंदोलन की चेतावनी
बरेली: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जिन्होंने पूरी दुनिया को स्वच्छता का संदेश दिया, उन्हीं के नाम पर बरेली के चौकी चौराहा पर स्थित ऐतिहासिक गांधी पार्क आज बदहाली का शिकार है। सफाई व्यवस्था के अभाव में यह पार्क कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुका है, जिससे नगर निगम के स्वच्छता के दावों की कलई खुल गई है।
📌 न्यूज़ हाइलाइट्स:
-
बदहाली: चौकी चौराहा स्थित ऐतिहासिक गांधी पार्क में लगा गंदगी और सूखे पत्तों का ढेर।
-
पार्षद का कड़ा रुख: जयप्रकाश राजपूत ने डीएम और नगर आयुक्त को शिकायती पत्र भेजकर जताई नाराजगी।
-
सोशल मीडिया पर वीडियो: पार्षद ने वीडियो साझा कर अधिकारियों की ‘गांधी भक्ति’ पर उठाए सवाल।
-
चेतावनी: नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण न होने पर पार्षद ने दी आंदोलन की धमकी।
महापुरुष के नाम पर बने पार्क की दुर्दशा
पार्षद जयप्रकाश राजपूत ने प्रशासन को घेरे हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बापू, जिन्होंने स्वच्छता को जीवन का आधार बनाया, उन्हीं के नाम पर स्थापित पार्क की सुध लेने वाला कोई नहीं है। पार्क परिसर में हर तरफ कचरा और सूखे पत्तों के ढेर लगे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि नेताओं और अधिकारियों की श्रद्धा केवल गांधी जयंती तक ही सीमित रहती है, उसके बाद उनके आदर्शों और स्वच्छ भारत के सपने को भुला दिया जाता है।
भ्रमण पर आने वाले लोगों में भारी रोष
गांधी पार्क की इस दयनीय स्थिति से सुबह की सैर (Morning Walk) पर आने वाले स्थानीय नागरिकों में भी गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पार्क की अनदेखी से यहां का वातावरण दूषित हो रहा है। पार्षद ने मांग की है कि पार्क की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और इसके सौंदर्यीकरण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
रिपोर्टर: रोहिताश कुमार भास्कर
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

