बरेली, 8 फरवरी। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत शहर के जाटव पुरा, बान खाना और मौलानगर स्थित अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया।
बरेली, 8 फरवरी। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत शहर के जाटव पुरा, बान खाना और मौलानगर स्थित अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा उपलब्धता, मरीज पंजीकरण और उपचार सेवाओं की गुणवत्ता का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण का नेतृत्व डॉ. लईक अहमद अंसारी, डिप्टी सीएमओ ने किया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और मौजूद मरीजों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी प्राप्त किया।
जांच के दौरान कुछ स्थानों पर आवश्यक सुधार की जरूरत सामने आई। इस पर डॉ. अंसारी ने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।डॉ. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का उद्देश्य आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को समय से ओपीडी संचालन, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, नियमित टीकाकरण, जांच सेवाओं की सुचारु व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
साथ ही मरीजों के साथ शिष्ट और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भरोसा दिलाया कि जिन कमियों की पहचान हुई है, उन्हें शीघ्र दूर कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
