बरेली: सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत
बरेली: पुलिस लाइन में तैनात सिपाही की मौत
बरेली (उत्तर प्रदेश): थाना कोतवाली क्षेत्र के चौपला सिविल लाइंस स्थित मोनी बाबा मंदिर वाली गली में किराए पर रहने वाले 38 वर्षीय सिपाही वीरपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वीरपाल मूल रूप से औरैया जिले के थाना अछल्दा के गांव रूपपुर के निवासी थे और वर्तमान में बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे।
तड़के बिगड़ी तबीयत
मृतक की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि बुधवार की रात वीरपाल खाना खाकर सोए थे। सुबह लगभग 4:00 बजे उन्होंने पपीता खाने की इच्छा जताई, जिस पर पत्नी ने उन्हें पपीता खिलाया और वे दोबारा सो गए। सुबह 5:00 बजे जब उनका बेटा सत्यम पुलिस लाइन में दौड़ लगाने जाने वाला था, तब संगीता ने वीरपाल को जगाने की कोशिश की, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजनों ने मोहल्ले वालों की मदद से आनन-फानन में वीरपाल को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हार्ट अटैक की आशंका
पत्नी संगीता देवी का प्राथमिक तौर पर मानना है कि मौत का कारण हार्ट अटैक हो सकता है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

