बरेली: दंगे के आरोपी को बचाने की साजिश

बरेली: दंगे के आरोपी को बचाने की साजिश

बरेली (उत्तर प्रदेश): जनपद में दंगे के एक नामजद आरोपी को बचाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने और साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना बारादरी में दर्ज मुकदमा संख्या 1146/2025 के वांछित अभियुक्त सलाउद्दीन की तलाश में जुटी पुलिस टीम को जांच के दौरान कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं।

डेयरी पर छापेमारी और पुलिस को चकमा

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सलाउद्दीन सूफी टोला स्थित अपनी डेयरी पर मौजूद है। जब टीम वहां पहुंची, तो डेयरी का मुख्य गेट बाहर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर गेट खुलवाया, जहां मौजूद मोहम्मदउद्दीन ने कुबूल किया कि सलाउद्दीन उसके कहने पर ही कुछ देर पहले वहां से फरार हुआ है।

वीडियो वायरल करने की धमकी

मामले ने तब नया मोड़ लिया जब मॉडल टाउन चौकी के एक पुलिसकर्मी को सुधांशु पाण्डेय उर्फ सैनी नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने दावा किया कि उसके पास आरोपी के भाई द्वारा भेजा गया एक वीडियो है। उसने धमकी दी कि यदि पुलिसकर्मी उससे नहीं मिला, तो वह एक घंटे के भीतर वीडियो वायरल कर देगा।

पुलिस की सख्त कार्रवाई की तैयारी

प्रशासन को आशंका है कि आरोपी के परिजन और सहयोगी सुनियोजित साजिश के तहत पुलिस पर अवैध दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोग इस घटनाक्रम का अनुचित लाभ उठाने के प्रयास में हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है: “आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस पर दबाव बनाने या जांच को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,

सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: