बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ जनपद बरेली सहित शाहजहांपुर में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दिनांक 04 फरवरी 2026 की रात्रि को उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान विकास ईंट भट्टा खंडहर, सरदारनगर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लालाराम पुत्र राजेन्द्र, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम तजपुरा, थाना भमोरा, जनपद बरेली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल अपाचे संख्या UP27AP9315
मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस संख्या UP27AX2606
बरामद की गईं।
जांच में सामने आया कि दोनों मोटरसाइकिलें जनपद शाहजहांपुर से चोरी की गई थीं। स्प्लेंडर प्लस की चोरी थाना रामचन्द्र मिशन तथा अपाचे मोटरसाइकिल की चोरी थाना कोतवाली शाहजहांपुर से की गई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी सूचना संबंधित थानों को भेज दी गई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कबूल किया कि उसने अपने साथी गुड्डू पुत्र जगपाल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटाकर चेसिस नंबर भी घिस दिए गए थे। मोटरसाइकिलों को बेचने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
इस मामले में अभियुक्त का साथी गुड्डू पुत्र जगपाल निवासी ग्राम तजपुरा, थाना भमोरा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। गुड्डू के खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष भमोरा सनी चौधरी, उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, हरिन्द्र सिंह, कांस्टेबल प्रदीप कुमार एवं मुस्तफा शामिल रहे।
भमोरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की है।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
