बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई।
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर मोहल्ले में छत के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने 40 वर्षीय जोगेंद्र लोधी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे लूट की नीयत से की गई वारदात मान रही है।
आहट सुनकर छत पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से आंवला क्षेत्र के तिगरा खानपुर गांव निवासी जोगेंद्र लोधी अपनी पत्नी अनीता के साथ प्रगति नगर में रह रहे थे।
शुक्रवार रात करीब एक बजे दंपती घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान छत पर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। अनहोनी की आशंका में दोनों सीढ़ियों से छत की ओर बढ़े।
जैसे ही जोगेंद्र सीढ़ियों के पास पहुंचे, छत पर पहले से छिपे दो बदमाशों में से एक ने उन पर फायर कर दिया। गोली सीधे सीने में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली की आवाज और पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जाग गए, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
पत्नी के सामने टूटा परिवार पति को खून से लथपथ देख अनीता बदहवास हो गईं और मदद के लिए शोर मचाया। पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन जोगेंद्र की सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सीसीटीवी खंगाले जा रहे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
रिहायशी इलाके में वारदात से दहशत
घनी आबादी वाले प्रगति नगर में इस तरह घर में घुसकर गोली मारने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बदमाश छत के रास्ते घर में प्रवेश कर सकते हैं, तो आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
