गांधी घाट पर गूंजी बापू की याद, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन!
पटना, जब घड़ियां कुछ पल के लिए थम-सी गईं और हवाओं में भी एक गंभीर शांति घुल गई, तब पटना का गांधी घाट उस मौन का साक्षी बना, जिसमें करोड़ों देशवासियों की श्रद्धा समाहित थी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी पटना में मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन गांधी घाट पर किया गया।
इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर हुतात्माओं की स्मृति में भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान सशस्त्र पुलिस द्वारा शोक सलामी दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हुतात्माओं की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस श्रद्धांजलि समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष परासर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविन्द कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे
सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और देशसेवा के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
रिपोर्ट,सोनू कुमार
बिहार,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
