बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के एजाज नगर गोटिया इलाके में शुक्रवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बड़ा हादसा कर दिया।
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के एजाज नगर गोटिया इलाके में शुक्रवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बड़ा हादसा कर दिया। सड़क पर अचानक बेकाबू हुई कार ने तीन लोगों को रौंद दिया और फिर एक मकान की दीवार में जा घुसी।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। कार की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो का उपचार जारी है। हादसे में मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने मौके से कार चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
बरेली से रोहिताश कुमार भास्कर
