बरेली, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, पूर्वोत्तर रेलवे जिला संघ इज्जतनगर द्वारा स्काउट कुटीर, रोड नंबर-4, इज्जतनगर में संस्थापक लॉर्ड रॉबर्ट बेडेन-पावेल एवं लेडी ओलाव बेडेन-पावेल के जन्मदिवस पर एक दिवसीय विशेष चिंतन दिवस शिविर का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी छोटी खबरों की जानकारी जानने के लिए जुड़े रहिए ऑल राइट्स मैगज़ीन के साथ.
बरेली, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, पूर्वोत्तर रेलवे जिला संघ इज्जतनगर द्वारा स्काउट कुटीर, रोड नंबर-4, इज्जतनगर में संस्थापक लॉर्ड रॉबर्ट बेडेन-पावेल एवं लेडी ओलाव बेडेन-पावेल के जन्मदिवस पर एक दिवसीय विशेष चिंतन दिवस शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार की अध्यक्षता में ध्वजारोहण के साथ हुआ।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने लॉर्ड बेडेन-पावेल के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि उनके जीवन के आदर्श—सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रनिष्ठा—आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड केवल सह-पाठ्यक्रम गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का सशक्त प्रशिक्षण है। विद्यार्थियों को सेवा, नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने टीम बनाकर चादरों, डंडों और रस्सियों की सहायता से टेंट एवं विभिन्न उपयोगी गैजेट्स तैयार किए। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी टीमों के कार्यों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा कोर, बरेली के सहयोग से स्काउट आंदोलन पर एक ज्ञानवर्धक सेमिनार भी आयोजित किया गया। स्काउट अमित कुमार ने स्काउट आंदोलन के इतिहास, उद्देश्यों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के ध्वज की विशेषताओं पर विस्तार से जानकारी दी।
सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा प्रदीप डागर, डिप्टी पोस्ट वार्डन कवलजीत सिंह, फायर स्टेशन अधिकारी द्वितीय हरीश भल्ला, पोस्ट वार्डन प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य सेक्टर वार्डनों ने प्राथमिक चिकित्सा, फायर फाइटिंग और सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्राथमिक चिकित्सा सत्र में घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की विभिन्न विधियों—मानवीय वैशाखी, दो हत्ता, तीन हत्ता, चार हत्ता, शीट विधि, पीठ लादनी विधि, फायरमैन लिफ्ट तथा स्ट्रेचर—का प्रशिक्षण दिया गया। फायर फाइटिंग सत्र में आग के प्रकार, उन्हें नियंत्रित करने की विधियां और अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग की जानकारी प्रदान की गई। जिला सचिव हरिशंकर सागर ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में शांत रहकर सूझबूझ और तत्परता से कार्य करना ही वास्तविक सेवा है।
शिविर में मुख्य जिला आयुक्त (स्काउट), जिला आयुक्त (गाइड) एवं सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनू खिच्चर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह विशेष चिंतन दिवस जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) विजय मोहन शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: रोहिताश कुमार भास्कर,
बरेली,
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (आल राइट्स मैगज़ीन )
