दिल्ली के शाहदरा में मकान की छत गिरने से 2 की मौत,

दिल्ली के शाहदरा इलाके के ज्वाला नगर में मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि 7 से 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से बचाव कार्य जारी है और मृतकों व घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे में जान गवाने वाले में एक 3 साल का बच्चा है और एक 35 साल का युवक शामिल है।

दो मंजिला मकान गिरने से हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के शाहदरा इलाके के ज्वाला नगर में सुबह करीब 10:30 बजे दो मंजिला मकान की छत गिरने से हादसा हुआ है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान का मलबा गिरने से कई लोग उसके नीचे दब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने में मदद की।

घायलों को भेजा गया डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल

अब तक कुल छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। सभी घायलों को इलाज के लिए डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल भेजा गया है, जहां दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। मलबे में अभी भी 7-8 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बचाव दल की ओर से मलबा हटाने और अंदर फंसे लोगों की तलाश का काम जारी है। फिलहाल मकान की छत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: