आपसी रिश्तों की अहमियत को और मजबूत करेगा ‘संस्कार’-के.सी. बोकाडिया

मुंबई (अनिल बेदाग): बड़े पर्दे पर कई यादगार फिल्मों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद, दिग्गज फिल्ममेकर के.सी. बोकाडिया अब अपने पारिवारिक धारावाहिक ‘संस्कार’ के माध्यम से टेलीविजन दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। धारावाहिक को मिल रहे प्यार और सराहना के बीच उन्होंने मुंबई में मीडिया के साथ केक काटकर इसकी सफलता का जश्न मनाया और अपनी खुशी साझा की। ‘संस्कार’ का प्रसारण डीडी नेशनल पर सोमवार से शुक्रवार रात 8 बजे होता है।
पारिवारिक रिश्तों, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित यह धारावाहिक दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना रहा है। बीएमबी प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रस्तुत ‘संस्कार’ एक मल्टी-स्टारर पारिवारिक ड्रामा है। इसे के.सी. बोकाडिया ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसके निर्माता राजेश बोकाडिया और के.सी. बोकाडिया हैं।धारावाहिक में दर्शन जरीवाला, जरीना वहाब, अमन वर्मा, मुग्धा गोडसे, राकेश बेदी, पंकज बेरी, महेश ठाकुर, सुप्रिया कार्निक और राजेश खेरा सहित तीन दर्जन से अधिक कलाकार नजर आ रहे हैं।
इस अवसर पर के.सी. बोकाडिया ने कहा,  “लोग आज भी पुरानी फ़िल्में, गाने अधिक पसन्द करते हैं क्योंकि उनमें भारतीय माहौल, संस्कृति और संस्कार की झांकी मिलती है। धारावाहिक ‘संस्कार’ दर्शकों को उसी संस्कार की याद दिलाता है। हर एपिसोड के बाद देश के हर राज्य और शहर-गांव से सैकड़ों फोन और मैसेज आते हैं। लोग ‘संस्कार’ के डायलॉग, सिनेमैटोग्राफी, लोकेशन और कहानी की तारीफ करते हैं।” मीडिया के साथ सफलता का जश्न मनाते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि यह धारावाहिक दर्शकों के बीच पारिवारिक प्रेम, सम्मान और आपसी रिश्तों की अहमियत को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: