अलीगढ़: प्लाट विवाद में लाठी-डंडा और फायरिंग
अलीगढ़ के एक गाँव में प्लाट के विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें फायरिंग और ईंट-पत्थर भी चले।
इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। देवी नगला में प्लाट के विवाद को लेकर सपा के पूर्व विधायक अमर सिंह के भतीजे और मुहल्ले के लोगों में जमकर बवाल हुआ। दोनों तरफ से लाठी, डंडे, फावड़े, सरिया निकल आए और पथराव शुरू हो गया।
अफरा-तफरी मच गई। कोई पेड़ के पीछे तो कोई वाहन के पीछे छिप गया। पूर्व विधायक पक्ष पर हवाई फायरिंग का भी आरोप है। दोनों ही पक्षों के एक दर्जन से ज्यादा लोग मारपीट व पथराव में घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
महुआखेड़ा क्षेत्र के देवी नगला में बुधवार की शाम साढ़े चार बजे विवाद शुरू हो गया था। यहां मुख्य चौराहे पर परचून की दुकान व घर में पशु पालने वाले बुजुर्ग रोहन सिंह यादव ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अर्जुन घेर से पशु खोलकर घर लेकर जा रहा था। आरोप है कि तभी पूर्व विधायक अमर सिंह यादव के भतीजे मोहकम सिंह यादव अपने भाइयों व अन्य के साथ उस पर हमलावर हो गए।
लाठी-डंडों से अर्जुन को पिटता देख शोर-शराबा सुन नकुल भी पहुंच गया। उसने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित उसे भी पीटने लगे। तभी वहां अर्जुन के ताऊ का बेटा सोनपाल भी पहुंच गया। उसे भी घेरकर पीट दिया गया। पीड़ित के स्वजन भी पहुंच गए। उन्होंने बचाव करते हुए पथराव शुरू कर दिया।
उसके बाद दोनों तरफ से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। आरोप है कि मोहकम पक्ष से लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग भी की गई। करीब 20 मिनट तक यह घटनाक्रम चला, जिसमें अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज और दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सोनपाल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां उसे आइसीयू में भर्ती कर लिया गया। एसओ जोगेंद्र सिंह के अनुसार अभी तक रोहन के बेटे नकुल की ओर से तहरीर मिली है।
प्लाट के विवाद में बेल तोड़ने से शुरू हुई कहासुनी
विवादित प्लाट में लगी बेल तोड़ने से विवाद हुआ था। रोहन सिंह के मझले बेटे सहदेव ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ने मुख्य चौराहे पर करीब 25 वर्ष पूर्व दो प्लाट खरीदे थे। एक प्लाट पर निर्माण हो गया, दूसरा खाली पड़ा था। खाली प्लाट के सामने मोहकम सिंह का मकान है। आरोप है कि मोहकम सिंह उस प्लाट पर नीयत रखता है।
कई बार उसे बेचने को लेकर भी चर्चा कर चुका है। इसी की वजह से विवाद चल रहा है। मंगलवार को उनके परिवार की महिलाओं ने प्लाट को लेकर उल्टा सीधा बोलना शुरू कर दिया। जानबूझकर प्लाट से बेल तोड़ने लगे। जब टोका-टोकी की तो उन्होंने हमला कर दिया।
सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार ने कहा कि महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई थी। प्लाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव है। दोनों पड़ोसी हैं। कुछ को हिरासत में लिया है। जांच की जा रही है। तहरीर आने के बाद मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।

