FIFA: हैरी केन के कमाल की बदौलत इंग्लैंड को मिली जीत
कप्तान के तौर पर खेल रहे हैरी केन ने इंग्लैंड को फीफा विश्व कप 2018 में सुखद शुरुआत दिलाई। उनके दो गोलों की बदौलत ग्रुप एच के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने ट्यूनीशिया को 2-1 से हराकर अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने दो गोल दागे जबकि ट्यूनीशिया की ओर से सासी ने इकलौता गोल किया।
इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की और खेल के तीसरे मिनट में ही गोल करने के दो मौके बनाए लेकिन जैसे-तैसे ट्यूनीशिया बच गया लेकिन केन ने फिर हमला किया और 11वें मिनट में इंग्लैंड का खाता खोला। यंग ने स्टोंस की ओर गेंद उछाली जिस पर उन्होंने जबरदस्त प्रहार किया लेकिन केन ने रीबाउंड पर गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया और इसके बाद अंग्रेज प्रशंसक झूमने लगे।
पहले हाफ के शुरुआत में बढ़त हासिल करने वाली इंग्लैंड की टीम को दूसरे हाफ में भी गोल करने के मौके मिले। खेल के 68वें मिनट में इंग्लैंड की टीम उसका फायदा नहीं उठा सकी। इसके बाद इंग्लैंड के कोच गेरेथ साउथगेट ने स्टर्लिग की जगह रशफोर्ड को मैदान में उतारा। 78वें मिनट में डी के ठीक बाहर इंग्लैंड को एक और फ्री किक मिली जिसे यंग गोल पोस्ट के ऊपर से मार बैठे।
खेल इंजुरी टाइम में पहुंच चुका था। तभी इंग्लैंड को 91+1वें में कॉर्नर किक मिली। किरान ट्रिपर्स का सटीक कॉर्नर केन के पास पहुंचा जिस पर उन्होंने हेडर के जरिये गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर अपनी टीम में जश्न का माहौल पैदा कर दिया। अंत में साउथगेट के 3-1-4-2 की शैली से इंग्लैंड को उतारने का फैसला सफल रहा।