ठंड एक बार फिर लौट आई, बारिश व तेज हवाओं से तापमान में गिरावट

उत्तर भारत में हो रही बारिश व तेज हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते जाती हुई ठंड एक बार फिर लौट आई है। यूपी और बिहार में अभी दो दिन और मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।

मौसम निदेशक जे.पी.गुप्त के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को भी उत्तर प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।

दिल्ली में भी बुधवार से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी में कई जगहों पर दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बरसात हुई। जबकि, कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। पालम में सबसे ज्यादा 13.9 मिलीमीटर, रिज क्षेत्र में 7.7 मिलीमीटर, लोधी रोड पर 3.6 मिलीमीटर और आयानगर में 3.0 मिलीमीटर बारिश बुधवार रात को हुई। हालांकि, गुरुवार सुबह तड़के तक आसमान साफ हो गया था। गुरुवार के दिन राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में धूप रही। हालांकि, शाम के चार बजे के बाद से मौसम ने फिर करवट बदली और बादलों व तेज हवाओं की आमद शुरू हो गई।

ओलावृष्टि की भी संभावना 

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के बीच दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बरसात जारी रह सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि की भी संभावना है। प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक तेज हवा के साथ आने वाला स्क्वैल या झक्खड़ कुछ मिनटों तक रह सकता है।

14.4 रहा न्यूनतम तापमान 

मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में गुरुवार दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तेज हवाओं के साथ होने वाली बरसात के चलते शुक्रवार के दिन तापमान में खासी गिरावट आ सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: