मराठा आरक्षण को लेकर मुंबई बंद, बसों में लगाई आग

आरक्षण को लेकर आज सुबह से शुरू हुए मराठा संगठनों के बंद के दौरान मुंबई और पड़ोसी जिलों ठाणे तथा नवी मुंबई में सरकारी बसों पर हमले हुए हैं। मुंबई के कांजुमार्ग और भांदुप इलाकों में बीईएसटी की दो बसों पर प्रदर्शनकारियों ने हमले किये हैं।

परिवहन निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बसों पर हो रहे पथराव को ध्यान में रखते हुए (बीईएसटी) ने प्रभावित इलाकों में अपनी सेवा आंशिक रूप से निलंबित कर दी है और हालात सुधरने पर ही उसे पूर्ण रूप से बहाल करेगी। अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई के घनसोली इलाके में भी एक बस पर हमला हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में बस सेवा निलंबित कर दी गयी है।

मुंबई में कई जगहों पर और पड़ोसी रायगढ़ तथा पालघर जिलों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हैं। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने मराठा समुदाय का कथित रूप से अपमान करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और लोक निर्माण मंत्री चन्द्रकांत पाटिल के खिलाफ नारेबाजी की।

सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाले मराठा क्रांति मोर्चा ने आज मुंबई और आसपास के कुछ जिलों में बंद का आह्वान किया है।

राजनीतिक तौर पर प्रभावशाली मराठा समुदाय के लिए आरक्षण का मामला बेहद विवादास्पद मुद्दा है। राज्य की आबादी में करीब 30 फीसदी मराठा हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पंढरपुर के मंदिर की अपनी यात्रा मराठा संगठनों की इस धमकी के बाद स्थगित कर दी थी कि वे कार्यक्रम में बाधा पहुंचायेंगे।

 

Image Source : Google

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: