भारतीय महिला ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड , साड़ी पहनकर की स्काईडाइविंग
आज के दौर में महिलाएं पुरूषों से कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में अपनी अलग जगह और पहचान बना रही हैं। चाहें वो फाइटर प्लेन चलाना हो या कोई मल्टीनेशनल कंपनी । महिलाओं को कहीं भी कम आंकना गलत होगा। इसी बात को और भी पुख्ता करती हैं। एडवेंचर स्पोर्टस की शौकीन पुणे की 35 वर्षीय शीतल राणे महाजन। जिन्होंने सोमवार को थाईलैंड में रंगीन ‘नौ-वारी साड़ी’ पहनकर स्काई डाइविंग की। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। रिकॉर्ड बनाने के बाद उन्होंने कहा कि अनुकूल मौसम होने की वजह से वो विश्व प्रसिद्ध पर्यटक रिसॉर्ट पट्टाया के ऊपर एक विमान से लगभग 13,000 फीट से दो बार छलांग लगाने में सफल रहीं।
शीतल ने थाई स्काई डाइविंग केंद्र से फोन पर बताया, ‘मैं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च पर कुछ अलग करना चाहती थी, इसलिए मैंने अपने स्काई डाइव के लिए ‘नौ-वारी साड़ी’ पहनने का फैसला लिया। यह साड़ी करीब 8.25 मीटर लंबी हो। यह आम भारतीय साड़ियों से अधिक लंबी होती है।’
इस जांबाज महिला ने कहा, ‘देश में महिलाएं कई साड़ी पहनती हैं, लेकिन महाराष्ट्र की नौ-वारी साड़ी पहनना और उसे संभालना सबसे मुश्किल है। मैं यह साबित करना चाहती थी कि भारतीय महिलाएं न सिर्फ सामान्य दिनचर्या में साड़ी पहन सकती हैं, बल्कि स्काई डाइविंग जैसे जोखिम भरे एडवेंचर को भी कर सकती हैं।’ पद्मश्री विजेता और दो जु़ड़वां बच्चों की मां शीतल ने राष्ट्रीय स्तर पर अब तक 18 स्काई डाइविंग रिकॉर्ड बनाए हैं। उनके नाम पर छह अंतरराष्ट्रीय और विश्वभर में 704 जंप लगाने का रिकॉर्ड भी है। उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जा चुका है।