दिल्ली : राजधानी दिल्ली में बारिश की वजह से कई घंटे लम्बा जाम

बारिश और परेड की वजह से जबरदस्त जाम, कई मार्गों पर दो किमी लंबी लाइन

नई दिल्ली। राजधानी में कई घंटे की बारिश से हुए जलभराव और स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल परेड के चलते बृहस्पतिवार को कई जगहों पर जबरदस्त जाम लग गया। कई मार्गों पर तो वाहनों की एक से दो किमी लंबी लाइन लग गई। लोग आधे से एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। लगातार हुई बारिश से कई जगहों पर ट्रैफिक लाइट खराब हो गई थीं, जबकि कुछ जगहों पर पेड़ गिर गए थे। इन कारण भी कई मार्गों पर जाम लगा। हालांकि दोपहर को बारिश बंद होने के बाद ट्रैफिक सामान्य हो गया था।

राजधानी में बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल परेड थी। परेड खत्म होने तक नेताजी सुभाष मार्ग से दिल्ली गेट, जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल, एसपी मुखर्जी मार्ग से यमुना बाजार, चांदनी चौक से लालकिला, दरियागंज से रिंग रोड और रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग परेड बंद थे। इस कारण इन से जुड़ों मार्गों पर जाम लग गया। परेड के चलते दिल्ली गेट, आईटीआई, कमला मार्केट, मथुरा रोड, डब्ल्यू पाइंट, विकास मार्ग, यमुना लूप, आईएसबीटी पुरानी दिल्ली के कई इलाकों में जाम लग गया।
यहां-यहां फंसे वाहन
बारिश के कारण छाता रेल, केला घाट, आईपी फ्लाईओवर, मिंटो रोड, बकोली खामपुर, मुंडका नांगलोई, मायापुरी फ्लाईओवर, राजा गार्डन फ्लाईओवर, मंडी हाउस गोलचक्कर, गुरु नानक चौक, भैरो मार्ग, लाला लाजपत राय मार्ग, अरविंदो मार्ग, द्वारका, जहांगीरपुरी, आजादपुर, आईएसबीटी, एमबी रोड और साउथ एक्स में लंबा जाम लगा। इसके अलावा मथुरा रोड, प्रगति मैदान, आईटीओ, इंडिया गेट, एनएच-24 से आश्रम चौक पर भी जाम लगा। आश्रम चौक पर निर्माण कार्य चल रहा है, इस कारण बारिश से आश्रम चौक, लाजपत नगर, निजामुद्दीन, डीएनडी और मथुरा रोड पर भी दिनभर जाम रहा। लोदी कॉलोनी, भीष्म पितामह मार्ग और ग्रीन पार्क आदि जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से जाम लग गया।
अंडरपास में पानी भरने से कैरिज-वे बंद
भैरो मार्ग रेलवे अंडरपास, लाजपत नगर, पुल प्रह्लादपुर, धौला कुआं, द्वारका और पीरागढ़ी अंडरपास में काफी पानी भर गया था। पानी भरने से अंडरपास बंद हो गए थे, इससे वाहनों का दोनों कैरिज-वे पर आना-जाना बंद हो गया। इससे भी अंडरपास से जुड़े मार्गों पर दोपहर तक जाम की स्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: