लंदन: कोर्ट ने भारत से कहा- जिस जेल में माल्या को रखोगे उसका वीडियो बनाकर लाओ
विजय माल्या के प्रत्यर्पण केस में लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई। ब्रिटिश कोर्ट ने माल्या की जमानत को 12 सितंंबर तक बढ़ा दिया। इसी दिन फिर सुनवाई होगी। कोर्ट ने भारतीय अफसरों से कहा कि वे उस जेल का वीडियो सब्मिट करें, जहां माल्या को रखा जाएगा। अदालत के बाहर माल्या ने कहा कि मुझ पर लगे मनी लॉन्ड्रिंग के सभी आरोप झूठे हैं। 62 साल के माल्या पर 17 भारतीय बैंकों का 10 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज है। पिछले साल अप्रैल में गिरफ्तारी के बाद से माल्या जमानत पर है।
इससे पहले 27 अप्रैल को वेस्टमिंस्टर अदालत ने सीबीआई की तरफ से पेश किए गए सबूतों को स्वीकार कर लिया था। हाल ही में ब्रिटेन की एक अदालत ने प्रवर्तन अफसरों को माल्या के वहां स्थित परिसरों में जाने और जब्ती करने की इजाजत दी थी। तब उसने कहा था कि ब्रिटेन में उसके पास सिर्फ कुछ कारें और थोड़ी ज्वेलरी है। वह इसे कभी भी जांच एजेंसियों को सौंपने को तैयार है।
17 बैंकों के कंजोर्शियम ने माल्या की किंगफिशर एयरलाइंस को कर्ज दिया था। 31 जनवरी 2014 तक माल्या पर बैंकों के 6,963 करोड़ रुपए बकाया थे। 2016 तक ये राशि करीब 9,000 करोड़ हो गई। अब यह राशि ब्याज समेत 10 हजार करोड़ से ज्यादा हो चुकी है। कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ा तो मार्च 2016 में माल्या विदेश भाग गया। बैंकों का कंजोर्शियम माल्या से अभी तक 965 करोड़ रुपए की रिकवरी कर चुका है।