Bareilly News : रास्ते के विवाद में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या,दो गिरफ्तार

बरेली – बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव धामपुर में दो पक्षों के बीच रास्ते को लेकर विवाद हो गया,

जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी।इस फायरिंग में एक अधेड़ की मौत हो गई,जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।मृतक के पुत्रों ने आरोपित के पुत्र को गांव के बाहर घेरकर पीटा,जिसमें वह घायल हो गया।उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी सहित दो को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।

फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव धामपुर में 58 वर्षीय नन्हे खां के घर से दौलत खां का खेत मिला हुआ है।नन्हे खां उस खेत से निकलने का रास्ता बनाना चाहते थे,जबकि दौलत का रास्ता देने को तैयार नहीं थे।दोनों में कई बार बातचीत हुई मगर बात नहीं बनी। ईद मिलादुन्नबी के दिन भी खेत से निकलने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दौलत खां के पक्ष में खेत पर बाढ़ लगा दी थी।2 दिन पहले भी दोनों पक्षों में पंचायत हुई थी मगर बात आगे नहीं बढ़ सकी। सोमवार सुबह नन्हे खां ने खेत के किनारे नींव भरी। नींव को भरता देखकर माहौल फिर से गर्म हो गया,और झगड़ा फसाद शुरू हो गया। विवाद में गोली चली जिसमें नन्हे खां और उनके छोटे भाई की पत्नी अफसरी घायल हो गई। परिजन उन्हें लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर पहुंचे,जहां नन्हे खां को मृत घोषित कर दिया गया,और अफसरी को गंभीर अवस्था में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर जब नन्हे खां के पुत्रों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने दौलत खां के पुत्र मोहब्बत खा को घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें मोहब्बत खां गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।नन्हे खां की मौत के बाद दौलत खां के परिजन घर में ताला डाल कर फरार हो गए। सूचना पाकर थाना फरीदपुर पुलिस पहुंची,और घटना की जानकारी ली।देर शाम एसएसपी शैलेश कुमार पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।देर रात पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी दौलत खान सहित दो को गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: