अखिलेश यादव बोले-सपा सांसद आजम खां राजनीतिक षडयंत्र का शिकार, जेल में की भेंट
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव धोखाधड़ी के मामले में पत्नी तथा बेटे के साथ सीतापुर जेल में बंद सांसद आजम खां से भेंट करने लखनऊ से पहुंचे।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां राजनीतिक षड्यंत्र के शिकार हुए हैं। दंगा ही भाजपा का गुजरात मॉडल है। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव के साथ नौ लोगों को जेल के अंदर आजम खां से भेंट करने की अनुमति दी गई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां को न्यायालय से इंसाफ मिलेगा। यह तो सभी को दिख रहा है कि आजम खां के खिलाफ यह राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसके तहत उनको जेल में रहना पड़ रहा है। अखिलेश ने कहा कि किसी के खिलाफ भी बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। अखिलेश यादव ने आजम खां की गिरफ्तारी के मामले को भाजपा का षडयंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, उन (आजम खां) पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उनको साजिश के तहत फंसाया गया है। भाजपा के नेता ने शिकायत की। उनका कहना था कि क्या जिसने शिकायत की वो भाजपा का नहीं है। सरकार पर निशाना साधते हुए बोले कि किसी से बदले की भावना से काम नहीं होना चाहिए, लेकिन बीजेपी से क्या उम्मीद करेंगे आप। सीतापुर जेल में शिफ्टिंग को अखिलेश यादव ने सरकार का फैसला बताया और चुटकी लेते हुए कहा कि हमें रामपुर नहीं जाना पड़ा। सीतापुर नजदीक है, यहीं आ गए। अखिलेश ने कहा कि, जो राष्ट्र के नाम पर वोट लेकर आए थे, आज हमें राष्ट्र उन्हीं से बचाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाना और देश में आग लगाना ही गुजरात मॉडल है।